सिविल सर्विस परीक्षा परिणाम घोषित


यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा 2024 का फाइनल परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। इस बार की परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शक्ति दुबे ने अपनी पढ़ाई बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से की है। उन्हें इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष आईएएस उम्मीदवार होने का गौरव मिला है।

द्वितीय स्थान पर रही हर्षिता गोयल

टॉपर्स की पूरी सूची में दूसरे स्थान पर हर्षिता गोयल रही हैं, उन्होंने पूरे भारत में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। तीसरे स्थान पर डोंगरे अर्चित पराग ने अपनी जगह बनाई है। इसके अलावा शाह मार्गी चिराग, आकाश गर्ग, कोमल पुनिया, आयुषी बंसल, राज कृष्ण झा, आदित्य विक्रम अग्रवाल और मयंक त्रिपाठी जैसे अन्य उम्मीदवार भी शीर्ष 10 में शामिल हैं।

योगी सरकार की अभ्युदय योजना का बजा डंका

इस बार के परीक्षा परिणामों में विशेष बात यह है कि उत्तर प्रदेश में चलायी जा रही अभ्युदय योजना से भी अनेक परीक्षार्थी सफल हुए हैं। योगी सरकार द्वारा चलायी गयी इस योजना में आर्थिक रूप से कमजोर परीक्षार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जाती है, जिसमें अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी लेक्चर लेते हैं। इस बार यूपीएससी में इस योजना की सहायता से 13 परीक्षार्थी सिविल सर्विस में चयनित हुए हैं जो उत्तर प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

यूपीएससी ने आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर परिणाम और टॉपर्स की सूची जारी कर दी है। सफल उम्मीदवारों को उनकी रैंक, पसंद और उपलब्धता के आधार पर विभिन्न सेवाओं और कैडरों में नियुक्ति दी जाएगी, जो भारत सरकार की नीतियों के अनुसार होगी। इस बार इंटरव्यू 7 जनवरी 2025 से 17 अप्रैल 2025 तक आयोजित किया गया था, जिसके आधार पर अंतिम परिणाम घोषित हुआ है।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 के परिणाम ने देश के भावी प्रशासनिक अधिकारियों की नई पीढ़ी का परिचय कराया है, जिनका चयन देश की सेवा के लिए हुआ है। सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई।


Share this post:

Related Posts